News Details
News image

Plantation with collaboration of Consumers Association Panchkula


Posted on 05/08/2026

श्री माता मनसा देवी राजकीय संस्कृत महाविद्यालय, पंचकूला एवं उपभोक्ता संघ, पंचकूला (Consumers Association Panchkula) के संयुक्त तत्वावधान में 23 जुलाई 2026 (गुरुवार) प्रातः 11:00 बजे माता मनसा देवी मन्दिर परिसर में "वन महोत्सव- एक पेड़ माँ के नाम" के अन्तर्गत "वृक्षारोपण अभियान–2026" का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा विद्यार्थियों एवं समाज में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा । कार्यक्रम का मुख्य संदेश "वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ" रहा, जिसमें बेलपत्र, आम, जामुन, बेहड़ा व ब्रोडफली आदि पेड़ लगाये । इस अवसर पर पंचकूला अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) श्रीमती निशा यादव, आईएएस ने मुख्य अतिथि के रूप में पदार्पण किया । कार्यक्रम में विभिन्न प्रशासनिक, सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े गणमान्य अतिथियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई । विशिष्ट अतिथि के रुप में लफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) एस.के. कौशल, औद्योगपति डॉ पंकज कपूर- रॉटरी क्लब पंचकूला, श्री बी.बी. सिंगल –चेयरमैन- हरियाणा राज्य फार्मेसी परिषद, डॉ. विनिता गुप्ता- संयुक्त निदेशक उच्चतर शिक्षा विभाग पंचकूला, अंजू अग्रवाल, सुनील धवन व उदित मित्तल, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला के अधिष्ठाता प्रो. गुलाबचंद पमनानी, प्रो. सतीश गंधर्व, प्रो. प्रहलाद रधु व डॉ. गौरव गर्ग जी पधारे । कार्यक्रम में मुक्तिनाथ वेद विद्या संस्कृत आश्रम (गुरुकुल), भाई गुरुदास पब्लिक स्कूल, एम.डी.सी-2 के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय योगदान देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया । उनकी सहभागिता से कार्यक्रम और अधिक सफल एवं प्रेरणादायक बना । महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सीमा सिंह ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं पर्यावरण प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आभार व्यक्त किया तथा वृक्षारोपण के इस जन-अभियान को सफल बनाने का धन्यवाद किया । उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लें तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा । कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया गया । यह आयोजन समाज में हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण हेतु एक सार्थक पहल सिद्ध होगा । डॉ पंकज कपूर- रॉटरी क्लब पंचकूला की ओर से संस्कृत महाविद्यालय को कम्प्यूटर टेबल उपलब्ध कराने की घोषणा पर विशेष आभार व्यक्त करते हुए प्राचार्या डॉ. सीमा सिंह जी कहा कि उनके इस सहयोग से महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाएँ सुदृढ़ होंगीं । उपभोक्ता संघ, पंचकूला (Consumers Association Panchkula) की ओर से सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गयी तथा पौधे वितरीत किये गये । इस अवसर पर प्राचार्या जी के साथ सभी शैक्षणिक तथा गैर-शैक्षणिक सदस्य उपस्थित रहे । कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या जी ने सभी का धन्यवाद किया तथा सभी से आगे भी इसी तरह के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।